एसपी कपिल चौधरी के निर्देश पर बीट पदाधिकारी पहुंचे ग्रामीणों के बीच, समस्याएं सुनीं और सुरक्षा का भरोसा दिया
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
हुसैनाबाद ,पलामू। पुलिस अब सिर्फ थाने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि गांवों तक पहुंचकर ग्रामीणों से सीधे संवाद करेगी। एसपी कपिल चौधरी के निर्देश पर देवरी ओपी क्षेत्र में बीट स्तर पर पुलिस ने आमसभा कर ग्रामीणों से सीधा संपर्क स्थापित किया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उन्हें सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी जरूरी जानकारी दी। उक्त आशय की जानकारी देवरी ओपी प्रभारी राजू कुमार गुप्ता ने दी।
देवरी कला पंचायत के सूर्य मंदिर परिसर में एएसआई सुरेश राम ने पंचायत समिति सदस्य एवं ग्रामीणों के साथ आमसभा की। बैठक में गांव की सुरक्षा व्यवस्था, स्थानीय समस्याओं और पुलिस-पब्लिक सहयोग को लेकर चर्चा हुई। पुलिस ने ग्रामीणों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि, विवाद या आपराधिक घटना की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।इसी क्रम में देवरी खुर्द पंचायत में भी बीट प्रभारी एएसआई विजय कुमार ने ग्रामीणों के बीच आमसभा की। उन्होंने ग्रामीणों को विभिन्न आवश्यक बातों की जानकारी देते हुए पुलिस के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।
एसपी के निर्देश पर बीट स्तर पर आयोजित की जा रही इन आमसभाओं का उद्देश्य गांवों में पुलिस की सीधी पहुंच बढ़ाना और छोटी-बड़ी घटनाओं की सूचना समय पर प्राप्त करना है। इससे ग्रामीणों और पुलिस के बीच दूरी कम होने के साथ स्थानीय स्तर पर विवाद एवं आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नजर रखने में मदद मिलेगी।पुलिस पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ग्रामीणों की सूचना पुलिस के लिए अहम कड़ी है। किसी भी घटना या संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज करने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई। बीट व्यवस्था के तहत गांव-गांव संवाद का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।