नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। पुनपुन थाना पुलिस ने ऑटो चोरी की घटनाओं से परेशान लोगों को बड़ी राहत देते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को तीन चोरी के सीएनजी ऑटो के साथ रंगे हाथ दबोचा है।
जानकारी के अनुसार, पिछले कई महीनों से ऑटो चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही थीं, जिससे ऑटो चालकों के साथ-साथ पुलिस के लिए भी यह एक बड़ी चुनौती बन गया था। रविवार को गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दानापुर से चोरी कर लाए जा रहे ऑटो के साथ आरोपी को पकड़ लिया।
पुनपुन थानाध्यक्ष बेबी कुमारी ने बताया कि सूचना मिलते ही विभिन्न स्थानों पर घेराबंदी कर छापेमारी की गई। इसी दौरान मनोरा गुमटी के पास आरोपी को खदेड़कर गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हबीपुर निवासी सुधीर कुमार (पिता: उमेश प्रसाद) के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर सिसवाचक और अलाउद्दीनचक के सुनसान इलाकों से दो और चोरी के ऑटो बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पुनपुन थाना कांड संख्या 145/26 के अलावा फुलवारी, जहानाबाद नगर थाना और मसौढ़ी में भी मामले दर्ज हैं।
प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी घरों के बाहर खड़े ऑटो को निशाना बनाकर चोरी करता था और बाद में उन्हें सस्ते दामों पर बेच देता था।
फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस गैंग में और कौन-कौन शामिल हैं और यह गिरोह किन-किन क्षेत्रों में सक्रिय है।