नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गोविंदपुर, नवादा। नवादा जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र में उत्पाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए 160 लीटर विदेशी शराब और केन बियर से लदे एक पिकअप वाहन को जब्त किया है, जबकि पीछा करने के दौरान वाहन के पलटने से चालक मौके से फरार हो गया।
बिहार में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने में जुटी उत्पाद विभाग की टीम को एक और बड़ी सफलता मिली है। झारखंड के रास्ते बिहार में अवैध शराब की तस्करी की जा रही एक पिकअप गाड़ी को उत्पाद विभाग ने धर दबोचा। हालांकि, पुलिस की पकड़ से बचने की कोशिश में तस्कर की गाड़ी खुद दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
उत्पाद विभाग के एएसआई दिलीप कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड की तरफ से एक संदिग्ध पिकअप वाहन के जरिए विदेशी शराब की बड़ी खेप बिहार की सीमा में लाई जा रही है। इसके बाद गोविंदपुर चेक पोस्ट के पास वाहनों की विशेष निगरानी और चेकिंग शुरू की गई। जांच के दौरान जब उत्पाद टीम ने एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रुकने का इशारा किया, तो चालक ने रफ्तार बढ़ा दी और भागने की कोशिश करने लगा। सतर्क हुई उत्पाद टीम ने तुरंत गाड़ी का पीछा करना शुरू किया। खुद को घिरता देख भाग रहा तस्कर हरना बेला के पास वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा, जिससे तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।
गाड़ी पलटते ही चालक वाहन छोड़कर अंधेरे और मौके का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब हो गया। दुर्घटनाग्रस्त पिकअप की तलाशी लेने पर अंदर छिपाकर रखी गई कुल 160 लीटर विदेशी शराब और केन बियर बरामद हुई। उत्पाद विभाग ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप और सारी शराब को अपने कब्जे में ले लिया है। साथ ही, फरार चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।