सैकड़ो महिला-पुरुषों ने निकाला विरोध जुलूस, रोडाबांध चौक पर पुतला दहन; मांगें नहीं मानी गईं तो उग्र आंदोलन की चेतावनी
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
सिंदरी, धनबाद। सिंदरी में एफसीआई प्रबंधन के खिलाफ स्थानीय लोगों का आक्रोश अब सड़क पर उतर आया है। एफसीआई क्वार्टरों का किराया बढ़ाने और आवासों को तोड़ने के लिए टेंडर जारी किए जाने के विरोध में मनोहरटाड़ के स्थानीय लोगों ने सिंदरी बचाओ संघर्ष मोर्चा के बैनर तले जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान आंदोलनकारियों ने एफसीआई प्रबंधन की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली और हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार रोडाबांध चौक पर पुतला दहन किया।
प्रदर्शन में सैकड़ों की संख्या में महिला और पुरुष शामिल हुए। हाथों में तख्तियां लेकर और एफसीआई प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शनकारी सड़क पर उतरे। आंदोलनकारियों ने क्वार्टरों के बढ़े हुए किराये और आवासों को तोड़ने के फैसले को वापस लेने की मांग की। रोडाबांध चौक पर प्रदर्शनकारियों का आक्रोश साफ दिखाई दिया। पहले लोगों ने शव यात्रा के रूप में विरोध मार्च निकाला, इसके बाद चौक पर एफसीआई प्रबंधन का पुतला फूंका गया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि एफसीआई प्रबंधन के फैसलों से लंबे समय से सिंदरी में रह रहे परिवारों के सामने आवास और आर्थिक संकट खड़ा हो सकता है।
पहले मशाल जुलूस, अब शव यात्रा से विरोध
सिंदरी बचाओ संघर्ष मोर्चा के संयोजक रविंद्र सिंह ने एफसीआई प्रबंधन पर सिंदरीवासियों के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रबंधन को चेताने के लिए इससे पहले मशाल जुलूस निकाला गया था और अब शव यात्रा के माध्यम से विरोध दर्ज कराया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि लोगों की मांगों पर जल्द सकारात्मक पहल नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
भाजपा नेता धर्मजीत सिंह ने एफसीआई प्रबंधन से सिंदरीवासियों के साथ कथित अत्याचार बंद करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया, तो जोरदार आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने एफसीआई के कामकाज को बंद कराने की दिशा में भी कदम उठाने की चेतावनी दी। स्थानीय लोगों ने भी प्रदर्शन के दौरान अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि क्वार्टरों का किराया बढ़ाने और आवासों को तोड़ने की प्रक्रिया से वर्षों से वहां रह रहे परिवार प्रभावित होंगे।
प्रदर्शन के दौरान रोडाबांध चौक पर काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट कर दिया कि क्वार्टरों के किराये में बढ़ोतरी और आवासों को तोड़ने के लिए जारी टेंडर के खिलाफ उनका विरोध जारी रहेगा। सिंदरी बचाओ संघर्ष मोर्चा ने एफसीआई प्रबंधन को चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और व्यापक और उग्र रूप दिया जाएगा।