नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
धनबाद। शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एसएनएमएमसीएच), धनबाद के पीजी छात्रों ने ईस्ट जोन स्तर की मेडिकल क्विज प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए संस्थान का नाम रोशन किया है। टीम ने ईस्ट जोन ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन कॉन्फ्रेंस 2026 के दौरान आयोजित ईस्ट जोन पीजी क्विज में प्रथम स्थान हासिल कर खिताब अपने नाम किया
रांची में 19 और 20 सितंबर को आयोजित सम्मेलन में ईस्ट जोन की सात टीमों के बीच प्रतियोगिता हुई। एसएनएमएमसीएच धनबाद की टीम ने 24 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। एमजीएम की पहली टीम 17 अंक के साथ दूसरे और एमजीएम की दूसरी टीम 16 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रही। प्रतियोगिता में पश्चिम बंगाल, बिहार, ओडिशा, झारखंड समेत ईस्ट जोन के विभिन्न राज्यों की टीमों ने हिस्सा लिया।
टीम के मार्गदर्शक प्रो. डीपी भूषण के अनुसार, इससे पहले आयोजित झारखंड स्टेट पीजी क्विज में एसएनएमएमसीएच की टीम दूसरे स्थान पर रही थी। उस प्रदर्शन के बाद छात्रों ने अगली प्रतियोगिता में बेहतर तैयारी के साथ जीत हासिल करने का संकल्प लिया था। छात्रों ने मेहनत और निरंतर तैयारी के दम पर इस बार राज्य स्तर से आगे बढ़कर ईस्ट जोन की प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता में जीत के बाद सोमवार को धनबाद लौटने पर एसएनएमएमसीएच के प्राचार्य डॉ. आरके महतो ने विजेता टीम के सदस्य डॉ. ज्योतम सिंह जुनेजा और डॉ. सौरव कुमार को सम्मानित किया उन्होंने दोनों छात्रों को उपलब्धि के लिए बधाई दी। इस सफलता के लिए डीन डॉ. गिंदौरिया, पीजी को-ऑर्डिनेटर डॉ. रवि भूषण और विशेष रूप से डॉ. विजय प्रताप सिन्हा के मार्गदर्शन व सहयोग की सराहना की गयी। कॉलेज प्रबंधन ने कहा कि पीजी छात्रों की यह उपलब्धि संस्थान के लिए गौरव का विषय है।