जवाहर सेतु पर हादसे के बाद एनएच-19 पर लगा लंबा जाम, दमकल ने आग पर पाया काबू
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। बारुन से डेहरी जाने वाले जवाहर सेतु पर गुरुवार की सुबह बैटरी लदी एक पिकअप गाड़ी में अचानक भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि पीछे से आ रहे एक ट्रक ने पिकअप में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पिकअप में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही देर में पिकअप धूं-धूंकर जलने लगी।
वाहन में आग लगते ही पुल पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बारुन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद पिकअप में लगी आग पर काबू पाया। हालांकि, आग की चपेट में आने से पिकअप पूरी तरह जल गई।
हादसे के बाद जवाहर सेतु पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई। आग बुझाने और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटाने के दौरान कुछ समय के लिए यातायात रोकना पड़ा। इसके कारण एनएच-19 पर पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बारुन थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी। फायर ब्रिगेड की सहायता से वाहन में लगी आग को बुझाया गया। इसके बाद दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कराया गया। उन्होंने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। दुर्घटना में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। हादसे के बाद पुलिस ने सड़क को सुरक्षित कराकर एनएच-19 पर यातायात सामान्य कराया।