नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गिरिडीह। झारखंड में हो रही भारी बारिश के कारण गिरिडीह के सरिया में एक बड़ा हादसा होते-होते बचा। यहाँ निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज के पास मुख्य सड़क की मिट्टी बह जाने से रास्ता पूरी तरह जमींदोज हो गया है। इस वजह से बगोदर-सरिया होते हुए बिहार और देवघर जाने वाला संपर्क मार्ग पूरी तरह कट गया है।
अगर आप बगोदर-सरिया के रास्ते बिहार या देवघर जाने की सोच रहे हैं, तो रुक जाइए। भारी बारिश की वजह से सरिया में निर्माणाधीन आरओबी के पास की सड़क बुरी तरह धंस गई है। सरिया-बगोदर के अनुमंडल पदाधिकारी संतोष गुप्ता ने आपातकालीन सूचना जारी करते हुए बताया है कि सड़क किनारे की मिट्टी बहने से यह रास्ता पूरी तरह ठप हो गया है।
गिरिडीह जिला प्रशासन द्वारा आम जनता की सुरक्षा के मद्देनजर एक महत्वपूर्ण प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई है। बगोदर-सरिया के अनुमंडल पदाधिकारी संतोष गुप्ता के अनुसार, सरिया में निर्माणाधीन आरओबी के समीप भारी वर्षा के कारण भूधंसाव हुआ है, जिससे सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है। सुरक्षा कारणों से बिहार, देवघर, बिरनी और राजधनवार की ओर जाने वाले इस मार्ग को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। सभी यात्रियों और वाहन चालकों को निर्देश दिया जाता है कि वे बगोदर से ही डायवर्टेड रूट का इस्तेमाल करें। अनुमंडल पदाधिकारी संतोष गुप्ता ने कहा कि इस रास्ते से अब बिहार, देवघर, बिरनी या राजधनवार जाना फिलहाल मुमकिन नहीं है। सड़क के किनारे की मिट्टी बह गई है, रास्ता खतरनाक है। अगर आप इस रूट पर हैं या निकलने वाले हैं, तो बगोदर से ही कोई दूसरा रास्ता पकड़ लें।