मरीजों ने लगाया समय पर डॉक्टर नहीं आने का आरोप, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने जांच का दिया भरोसा
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। धनरूआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में मंगलवार सुबह 9:30 बजे तक ओपीडी में डॉक्टर के मौजूद नहीं रहने से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मुस्तफापुर निवासी समाजसेवी उमेश शर्मा इलाज कराने अस्पताल पहुंचे थे। उनका कहना था कि 9:30 बजे तक ओपीडी का चैंबर खाली था। सुरक्षा गार्ड से पूछने पर भी डॉक्टर के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं मिली।
मझनपुरा निवासी रामप्रवेश पासवान, सविता देवी, कौशल्या देवी समेत कई मरीज डॉक्टर के इंतजार में बैठे रहे। मरीजों ने आरोप लगाया कि ओपीडी में डॉक्टरों के समय पर नहीं बैठने से दूर-दराज से आने वाले मरीजों को परेशानी होती है।
समाजसेवी उमेश शर्मा ने मामले को लेकर जिलाधिकारी, सिविल सर्जन और स्वास्थ्य मंत्री से जांच कर लापरवाही बरतने वाले चिकित्सकों एवं कर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने कहा कि मामले की जांच कराई जा रही है। ओपीडी में जिन चिकित्सकों की ड्यूटी थी, उनकी उपस्थिति की जांच के बाद लापरवाही सामने आने पर संबंधित डॉक्टर या कर्मी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।