नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
नई दिल्ली। नई दिल्ली स्थित झारखंड भवन में राजद के पूर्व सांसद घूरन राम के परिवार के साथ दिल्ली में बड़ा हादसा हो गया। झारखंड भवन में लिफ्ट खराब होने के कारण घूरन राम के परिवार के छह सदस्य अंदर में फंस गए। काफी देर तक लिफ्ट में फंसे रहने के बाद कुछ लोगों की तबीयत बिगड़ गई। घटना से नाराज पूर्व सांसद घूरन राम ने झारखंड भवन में तोड़फोड़ भी की।

घटना की जानकारी मिलते ही झारखंड भवन परिसर में अफरातफरी मच गई। लिफ्ट में फंसे लोगों को निकालने के लिए तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। रेस्क्यू के बाद सभी को इलाज के लिए बसंत विहार स्थित होली एंजिल्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज कराया गया। मिली जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि पूर्व सांसद घूरन राम के परिवार के छह सदस्य लिफ्ट में सवार थे। इसी दौरान लिफ्ट अचानक खराब हो गई। जिसके कारण सभी लोग उसके भीतर फंस गए। बंद लिफ्ट में काफी देर तक रहने के कारण उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। घटना की सूचना मिलते ही भवन के कर्मचारियों और अन्य लोगों के बीच भी हड़कंप मच गया।
रेस्क्यू के बाद सभी प्रभावित लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया। जानकारी के मुताबिक, पूर्व सांसद के बेटे को अभी भी अस्पताल में भर्ती रखा गया है, जबकि अन्य लोगों की स्थिति के बारे में विस्तृत चिकित्सकीय जानकारी सामने आना बाकी है। इस घटना के बाद झारखंड भवन में लगी लिफ्ट के रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। आखिर लिफ्ट किस वजह से खराब हुई और उसमें फंसे लोगों को निकालने में कितना समय लगा, इसे लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है। घटना के बाद भवन परिसर में काफी देर तक हंगामे और अफरातफरी का माहौल बना रहा।
ऐसी खबर भी मिल रही है कि क्षमता से अधिक लोगों के सवार होने के कारण लिफ्ट में फंसे 6 सदस्य बेहोश हो गए। घटना को लेकर पूर्व सांसद ने नाराजगी जताई, जबकि दिल्ली पुलिस ने कहा कि उन्हें घटना की सूचना बुधवार को मिली।