नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज जिले में पशुओं को लम्पी स्किन डिजीज (Lumpy Skin Disease) से सुरक्षित रखने एवं इसके प्रभावी रोकथाम हेतु निःशुल्क टीकाकरण अभियान का आज शुभारंभ किया गया।
लम्पी स्किन डिजीज एक संक्रामक पशु रोग है, जिसकी रोकथाम के लिए जिले में व्यापक स्तर पर टीकाकरण अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत पशुओं का टीकाकरण पूर्णतः निःशुल्क किया जाएगा।
जिले के सभी प्रखंडों में घर-पहुंच सेवा (Door-to-Door Vaccination Service) के माध्यम से पशुओं का टीकाकरण किया जाएगा, ताकि पशुपालकों को अपने पशुओं को टीका लगवाने के लिए कहीं जाने की आवश्यकता न पड़े। विभागीय टीमें गांव-गांव एवं घर-घर पहुंचकर पात्र पशुओं का टीकाकरण करेंगी।
जिला पदाधिकारी द्वारा अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा अधिक से अधिक पशुओं को टीकाकरण से आच्छादित करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। अभियान का उद्देश्य जिले में लम्पी स्किन डिजीज के संक्रमण की रोकथाम के साथ-साथ पशुधन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
टीकाकरण के माध्यम से पशुओं को रोग के संभावित संक्रमण से बचाने में सहायता मिलेगी तथा पशुपालकों को होने वाली आर्थिक क्षति को कम किया जा सकेगा। इसके साथ ही जिले में पशुधन की स्वास्थ्य सुरक्षा को मजबूत करने में भी यह अभियान महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
जिला प्रशासन एवं पशुपालन विभाग द्वारा जिले के सभी पशुपालकों से अपील की गई है कि वे अपने पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण अवश्य कराएं तथा टीकाकरण के लिए घर पहुंचने वाली विभागीय टीमों को आवश्यक सहयोग प्रदान करें। पशुपालकों से यह भी अनुरोध किया गया है कि पशुओं में किसी प्रकार के असामान्य लक्षण दिखाई देने पर इसकी सूचना तत्काल निकटतम पशु चिकित्सालय अथवा संबंधित पशुपालन कर्मी को दें।