– 2029 के लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा की तैयारी जारी, कॉकरोज जनता पार्टी को बताया नक्सलवाद का दूसरा रूप
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
धनबाद। झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी गुरुवार को धनबाद पहुंचे। सर्किट हाउस में भाजपा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी अपनी राजनीतिक विफलताओं को छिपाने के लिए इसे मुद्दा बना रही है। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि कांग्रेस के पास जनता के सामने बताने के लिए ठोस उपलब्धियां नहीं हैं। इसी कारण वह चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रही है। उन्होंने एसआईआर को लेकर कांग्रेस की आपत्तियों पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी को अपनी राजनीतिक स्थिति पर विचार करना चाहिए।

2029 के चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा
वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों से जुड़े सवाल पर मरांडी ने कहा कि भाजपा हमेशा चुनाव के लिए तैयार रहती है। पार्टी आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर भी तैयारी कर रही है। धनबाद में भाजपा के नए प्रभारी और सह प्रभारी के दौरे को उन्होंने संगठनात्मक प्रक्रिया का हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने और पार्टी की गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए इस तरह के दौरे होते रहते हैं।
कॉकरोज जनता पार्टी पर भी साधा निशाना
कॉकरोज जनता पार्टी (सीजेपी) को लेकर भी बाबूलाल मरांडी ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सीजेपी को नक्सलवाद का दूसरा रूप बताते हुए आरोप लगाया कि ऐसे लोग लोकतंत्र में विश्वास नहीं करते हैं। धनबाद दौरे के दौरान मरांडी के बयानों से राज्य की राजनीति में एसआईआर, आगामी लोकसभा चुनाव और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दे चर्चा में रहे।