अमन किराना से 184 और कामाख्या जेनरल स्टोर से 75 पैकेट बरामद, दुकानदारों पर प्राथमिकी दर्ज
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मोकामा। मोकामा बाजार में नामचीन कंपनी के नाम पर कथित रूप से नकली खाद्य पदार्थों की बिक्री का मामला सामने आया है। शुक्रवार को मोकामा थाना पुलिस और कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि ने दो दुकानों पर छापेमारी कर कुल 259 पैकेट संदिग्ध नकली उत्पाद बरामद किए। कार्रवाई की भनक लगते ही दोनों दुकानों के संचालक मौके से फरार हो गए। इस घटना के बाद बाजार में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, डीएफएम कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि मोहम्मद इकबाल अंसारी ने अमन किराना और कामाख्या जेनरल स्टोर के संचालकों के खिलाफ मोकामा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कंपनी के नाम पर क्रक्स, क्रंच, चिप्स, पास्ता समेत अन्य उत्पादों की कथित तौर पर नकली बिक्री और निर्माण का आरोप लगाया गया था। कंपनी के प्रतिनिधि ने कार्रवाई से पहले दोनों दुकानों से उत्पादों की खरीदारी भी की थी।
शिकायत के आधार पर शुक्रवार को एसआई आशुतोष कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों दुकानों पर छापेमारी की। इस दौरान अमन किराना से 184 पैकेट और कामाख्या जेनरल स्टोर से 75 पैकेट संदिग्ध नकली उत्पाद बरामद किए गए। इस तरह दोनों दुकानों से कुल 259 पैकेट सामान जब्त किया गया।
पूछताछ के दौरान दुकानदारों की ओर से बताया गया कि वे उक्त सामान शेखपुरा से खरीदकर लाए थे। हालांकि, उत्पादों की वास्तविकता और आपूर्ति के स्रोत की जांच की जा रही है।
मोकामा थानाध्यक्ष कुणाल कुमार ने बताया कि दोनों दुकानों के मालिकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।