वेतन भुगतान एवं HRMS पोर्टल के माध्यम से निकासी की गई राशि की जांच में सामने आया वित्तीय अनियमितता का मामला, संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों से स्पष्टीकरण प्राप्त कर अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जिले के देव प्रखंड कार्यालय में सरकारी राशि की निकासी एवं भुगतान से संबंधित वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। इस संबंध में जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा द्वारा प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
उक्त सूचना के आलोक में वेतन भुगतान पंजी में अंकित राशि एवं HRMS पोर्टल के माध्यम से निकासी की गई राशि का मिलान कराया गया। जांच के क्रम में पाया गया कि देव प्रखंड कार्यालय में जून, 2023 से सितंबर, 2025 तक की अवधि के दौरान कुल 23,49,638 रुपये की अवैध निकासी कर उक्त राशि संबंधित बैंक खाते में अंतरित कराई गई थी।
उक्त वित्तीय अनियमितता के आलोक में जिला पदाधिकारी, औरंगाबाद द्वारा प्रखंड विकास पदाधिकारी, देव को 23,49,638 की अवैध निकासी कर गबन किए जाने के आरोपों के संबंध में रंजन कुमार, कार्यालय परिचारी, प्रखंड कार्यालय, देव, रिपुसुदन तिवारी, तत्कालीन प्रधान लिपिक, प्रखंड कार्यालय, देव, सम्प्रति सेवानिवृत्त, शशि कुमार, निम्नवर्गीय लिपिक, प्रखंड कार्यालय, देव तथा कोषागार कार्यालय, औरंगाबाद के संबंधित Maker एवं Checker के विरुद्ध स्थानीय थाना में भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया गया है।
इसके अतिरिक्त, जिला पदाधिकारी द्वारा निर्देश दिया गया है कि प्रकरण में शामिल कुन्दन कुमार, तत्कालीन प्रखंड विकास पदाधिकारी, देव, अंकेशा यादव, तत्कालीन प्रखंड विकास पदाधिकारी, देव, मीरा कुमारी, तत्कालीन प्रखंड विकास पदाधिकारी, देव तथा वरीय कोषागार पदाधिकारी, औरंगाबाद को कारण पृछा करे।
जिला प्रशासन द्वारा सरकारी राशि के भुगतान एवं निकासी में वित्तीय नियमों के अनुपालन, पारदर्शिता तथा उत्तरदायित्व सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया जा रहा है। सरकारी राशि के दुरुपयोग अथवा वित्तीय अनियमितता के मामलों में उपलब्ध अभिलेखों एवं जांच के निष्कर्षों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।