नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। सदर अस्पताल को कायाकल्प योजना के तहत नया और आकर्षक रूप दिया जा रहा है। इसके तहत अस्पताल परिसर में सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जा रहा है। पुराने भवनों की पेंटिंग, जगह-जगह लाइटिंग और वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है। लाखों रुपये खर्च कर अस्पताल को व्यवस्थित और सुंदर बनाने की पहल की गई है। वही अस्पताल परिसर में वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग से होने वाली परेशानी और जाम की समस्या को दूर करने के लिए तीन स्थानों पर पार्किंग की सुविधा विकसित की जा रही है
इसमें यक्ष्मा केंद्र के पास, इमरजेंसी द्वार के समीप और जीविका दीदी की रसोई के बगल में पार्किंग स्थल बनाया जा रहा है। इससे अस्पताल आने वाले मरीजों, उनके परिजनों और अन्य लोगों को बाइक व कार खड़ी करने में सहूलियत होगी। पार्किंग की निर्धारित व्यवस्था होने से परिसर में इधर-उधर वाहन खड़े करने की समस्या कम होगी। साथ ही अस्पताल के मुख्य रास्तों पर आवागमन सुगम होने की उम्मीद है। सरकार के आदेश पर कायाकल्प के तहत अस्पताल परिसर में जगह-जगह लाइटिंग की व्यवस्था की जा रही है। इससे रात के समय अस्पताल परिसर रोशनी से जगमग करेगा और मरीजों व उनके परिजनों को आवाजाही में सुविधा होगी।
वहीं पेंटिंग के माध्यम से अस्पताल भवनों को नया और आकर्षक रूप दिया जा रहा है। इस पहल से सदर अस्पताल की बाहरी सूरत बदलने के साथ परिसर को अधिक व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी। सदर अस्पताल प्रबंधक प्रफुल्ल कांत निराला के अनुसार सरकार के निर्देश पर काया कल्प के तहत सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जा रहा है। इसके अंतर्गत पार्किंग, लाइटिंग और पेंटिंग की व्यवस्था की जा रही है। तीन स्थानों पर पार्किंग विकसित होने से अस्पताल आने वाले लोगों को वाहन खड़ा करने में सुविधा होगी और जाम की समस्या कम करने में मदद मिलेगी। इन कार्यों का उद्देश्य अस्पताल परिसर को सुंदर, व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाना है।