बैकठपुर घाट पर चलाया स्वच्छता अभियान, 70 कैडेट नौकायन के जरिए सीख रहे नेतृत्व, अनुशासन और टीम भावना के गुर
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
दनियावां (पटना)। गंगा की लहरों पर राष्ट्रसेवा, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश लेकर 1 बिहार नेवल यूनिट, एनसीसी का सेलिंग एक्सपीडिशन शनिवार को बैकठपुर घाट से बाढ़ के लिए रवाना हुआ। अभियान की शुरुआत से पहले कैडेटों ने बैकुंठधाम घाट परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को गंगा को स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त रखने का संदेश दिया। साफ-सफाई के बाद 1 बिहार नेवल यूनिट, एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कमांडर प्रीतम कुमार ने हरी झंडी दिखाकर अभियान दल को अगले पड़ाव के लिए रवाना किया।
इस अभियान में बिहार और झारखंड के कुल 70 सीनियर डिवीजन (एसडी) एवं सीनियर विंग (एसडब्ल्यू) कैडेट हिस्सा ले रहे हैं। गंगा में नौकायन के दौरान कैडेट साहस, अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। बैकठपुर घाट पर चलाए गए स्वच्छता अभियान के माध्यम से उन्होंने आम लोगों से घाटों को साफ रखने और गंगा को प्रदूषण से बचाने की अपील की।
बैकठपुर घाट से रवाना होने के बाद अभियान दल बाढ़ पहुंचेगा। इसके बाद कैडेटों का दल भागलपुर की ओर आगे बढ़ेगा। अभियान में भारतीय नौसेना के प्रशिक्षकों और पीआई स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका है। उनके मार्गदर्शन और सतत निगरानी में कैडेट नौकायन की बारीकियों, जल सुरक्षा, अनुशासन और आपसी समन्वय का प्रशिक्षण ले रहे हैं।
अभियान में 1 बिहार नेवल यूनिट, एनसीसी के एएनओ आनंद आशीष, डॉ. संजय कुमार सिंह, मुकेश कुमार, जीसीआई नेहा कुमारी, एलडीसी रमेश कुमार सहित पीआई स्टाफ और अन्य सिविलियन कर्मी शामिल हैं।
इस अवसर पर प्रेम यूथ फाउंडेशन के संस्थापक एवं बिहार श्रमजीवी पत्रकार यूनियन, पटना के महासचिव गांधीवादी प्रेम जी ने कहा कि अब समय आ गया है कि विद्यार्थियों के लिए एनसीसी को अनिवार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि एनसीसी कैडेट हमेशा देशसेवा के लिए समर्पित रहते हैं और युवाओं में अनुशासन, राष्ट्रप्रेम तथा सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रसेवा, राष्ट्रीय एकता, नेतृत्व क्षमता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। गंगा की लहरों पर आगे बढ़ रहा यह अभियान युवाओं को स्वच्छता, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश दे रहा है। मौके पर पत्रकार सुनील कुमार और अजय राज भी मौजूद रहे।