नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा द्वारा बारुण–नवीनगर पथ के 11वें किलोमीटर में ग्राम मेह के समीप सोन उच्चस्तरीय नहर पर स्थित क्षतिग्रस्त मेह उच्चस्तरीय पुल का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा क्षतिग्रस्त पुल की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया गया तथा आवागमन को सुरक्षित एवं सुचारू रूप से बहाल करने हेतु विभिन्न विकल्पों पर विचार किया गया।
सर्वप्रथम यह देखा गया कि क्षतिग्रस्त पुल का तकनीकी रूप से जीर्णोद्धार एवं क्वालिटी स्ट्रेंथनिंग कर इसे पुनः आवागमन योग्य बनाया जा सकता है अथवा नहीं।
दूसरे विकल्प के रूप में क्षतिग्रस्त पुल के समानांतर एक डेली ब्रिज के निर्माण की संभावना का भी जायजा लिया गया।
तीसरे विकल्प के रूप में निर्माणाधीन बाईपास मार्ग का उपयोग किए जाने की संभावना पर भी विचार किया गया। उक्त बाईपास मार्ग 7 किलोमीटर लंबा एवं नहर के दाहिनी ओर से NH-19 से जुड़ता है, जिससे आवागमन को वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराया जा सकता है।
जिला पदाधिकारी द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को सभी विकल्पों का तकनीकी एवं व्यावहारिक रूप से आकलन करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी गौरव सिंह, पथ निर्माण विभाग के संबंधित पदाधिकारी एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।