इलाज के दौरान बिगड़ी तबीयत, परिजनों ने नदौल ओपी में आवेदन देकर जांच की मांग की
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। नदौल ओपी क्षेत्र के खरजावां गांव में 14 वर्षीय किशोर की इलाज के दौरान संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी कलेंद्र प्रसाद के पुत्र सचिन कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, किशोर की अचानक मौत से गांव में भी कई सवाल उठ रहे हैं। मृतक के दादा ने नदौल ओपी में आवेदन देकर मामले की जांच कराने की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार की शाम सचिन कुमार की तबीयत बिगड़ गई थी। उसे सर्दी, खांसी और बुखार की शिकायत थी। इसके बाद उसके दादा दिनेश प्रसाद यादव इलाज के लिए उसे भैसवां बाजार स्थित एक निजी प्रैक्टिस करने वाले के पास ले गए। वहां उसे सुई और दवा दी गई। हालांकि, इसके बाद उसकी तबीयत में सुधार होने के बजाय और बिगड़ने लगी।
स्थिति गंभीर होने पर परिजन उसे मसौढ़ी बाजार स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। वहां उसकी हालत बेहद नाजुक होने के कारण उसे भर्ती नहीं किया गया। इसके बाद परिजन उसे अनुमंडल अस्पताल मसौढ़ी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
किशोर की अचानक मौत से परिजन सदमे में हैं। उसके दादा दिनेश प्रसाद यादव ने नदौल ओपी में आवेदन देकर घटना की जांच कराने की मांग की है। हालांकि, आवेदन में परिजनों ने किसी चिकित्सक पर सीधे तौर पर आरोप नहीं लगाया है। उन्होंने मौत को संदिग्ध बताते हुए इसकी वास्तविक वजह का पता लगाने की मांग की है।
इस संबंध में नदौल ओपी प्रभारी रौशन कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही किशोर की मौत के कारणों का पता चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।