नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। औरंगाबाद प्रखंड अंतर्गत कुरम्हा पंचायत के खैरी गांव में कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण (ATMA), औरंगाबाद के तत्वावधान में कृषि जन कल्याण चौपाल सह खेत बचाओ अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय किसानों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देना, कृषि संबंधी समस्याओं के समाधान के प्रति जागरूक करना तथा खेतों एवं कृषि भूमि के संरक्षण के लिए प्रेरित करना था।
खेत बचाओ अभियान के तहत किसानों को बताया गया कि कृषि भूमि हमारी अमूल्य संपत्ति है और इसकी उर्वरता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। किसानों को खेतों में पराली एवं फसल अवशेष नहीं जलाने, फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करने, मिट्टी की जाँच के आधार पर संतुलित मात्रा में उर्वरकों का प्रयोग करने तथा जैविक खाद एवं हरी खाद के उपयोग को बढ़ावा देने के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही खेतों की मेड़ को सुरक्षित रखने, मिट्टी के कटाव को रोकने, सिंचाई जल का उचित प्रबंधन करने तथा मृदा स्वास्थ्य बनाए रखने के लिए आवश्यक उपाय अपनाने की सलाह दी गई। किसानों को समझाया गया कि मिट्टी की उर्वरता एवं प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करके ही खेती को लंबे समय तक लाभकारी बनाया जा सकता है।
चौपाल के दौरान किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को अपनाने, कृषि उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने तथा कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने के संबंध में भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में प्रखंड कृषि पदाधिकारी-सह-ATMA की सुप्रिया कुमारी, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक अभिषेक वत्स, कृषि समन्वयक ब्रजेश सिंह तथा सहायक तकनीकी प्रबंधक ज्योत्सना कुमारी एवं अभिषेक कुमार उपस्थित रहे।