एसडीएम धनराज कुमार ने सरकारी बस से किया रवाना, 31 अक्टूबर को स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में आयोजित होगा मुख्य समारोह
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। गुजरात के केवडिया स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में 31 अक्टूबर को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में शामिल होने के लिए मसौढ़ी अनुमंडल से 17 सदस्यीय दल बुधवार को रवाना हुआ। भारत सरकार के गृह मंत्रालय की ओर से आयोजित इस राष्ट्रीय स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बिहार के उग्रवाद प्रभावित जिलों और अनुमंडलों से भी विशेष अतिथियों को आमंत्रित किया गया है। इसी क्रम में मसौढ़ी अनुमंडल क्षेत्र के 17 लोगों का चयन किया गया है।
बुधवार दोपहर अनुमंडल कार्यालय परिसर में आयोजित सादे समारोह में अनुमंडल पदाधिकारी धनराज कुमार ने सभी प्रतिभागियों को सरकारी बस से पाटलिपुत्र जंक्शन के लिए रवाना किया। यहां से दल विशेष ट्रेन के माध्यम से गुजरात के केवडिया पहुंचेगा और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेगा।
एसडीएम धनराज कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय एकता दिवस का मुख्य उद्देश्य देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करना है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से देश के दूर-दराज और उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि 31 अक्टूबर को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर आयोजित मुख्य समारोह में प्रतिभागी शामिल होंगे। गुजरात प्रवास के दौरान दल के सदस्य विभिन्न कार्यक्रमों, परेड और एकता शपथ समारोह में भी भाग लेंगे।
मसौढ़ी अनुमंडल से चयनित 17 लोगों को राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिलने से क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। इस पहल को देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय भावना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
रवाना करने के अवसर पर कार्यपालक दंडाधिकारी धर्मवीर कुमार सहित अनुमंडल के कई अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने प्रतिभागियों को यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।