मल्टोटी गांव में रातभर चली पुलिस की छापेमारी, भारी मात्रा में तैयार शराब, स्प्रिट और खाली बोतलें बरामद
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
रांची। रांची जिले के मांडर थाना क्षेत्र के मल्टोटी गांव में पुलिस ने अवैध शराब निर्माण की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने रातभर चली छापेमारी के दौरान मौके से भारी मात्रा में तैयार शराब की पेटियां, स्प्रिट से भरे डब्बे, खाली शराब की बोतलें और निर्माण में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने पांच युवकों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, मल्टोटी गांव में लंबे समय से कथित तौर पर अवैध शराब बनाने और उसकी पैकिंग का कारोबार संचालित किया जा रहा था। इसकी गुप्त सूचना मिलने के बाद मांडर पुलिस ने छापेमारी की योजना बनाई। इसके बाद पुलिस की टीम ने गांव में संदिग्ध ठिकाने पर दबिश दी। कार्रवाई देर रात शुरू हुई, जो पूरी रात जारी रही। छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके पर तैयार शराब की बड़ी खेप मिली। इसके अलावा स्प्रिट से भरे डब्बे, बड़ी संख्या में खाली बोतलें तथा शराब बनाने और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी जब्त की गई। पुलिस ने मौके से पांच युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि अवैध शराब की फैक्ट्री कब से संचालित थी और यहां तैयार शराब की आपूर्ति किन-किन इलाकों में की जाती थी। साथ ही इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और संभावित संगठित गिरोह की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में अवैध शराब कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।