नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
कोडरमा। झारखंड के कोडरमा जिले में तिलैया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने पशुओं के अवैध परिवहन में लिप्त छह वाहन पकड़े हैं. सभी वाहन पशुओं से लदे थे और इन्हें बिहार से पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा था.पुलिस ने मौके से छह लोगों को भी हिरासत में लिया है. पकड़े गए सभी पशुओं को गौशाला को सौंप दिया गया है.
बताया जाता है कि कोडरमा के पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष को सूचना मिली थी कि पशुओं को अवैध रूप से वाहनों में लादकर बिहार से बंगाल ले जाया जा रहा है. सूचना मिलने के बाद एसपी ने तिलैया पुलिस को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
एसपी के निर्देश पर तिलैया पुलिस ने रांची-पटना रोड बाइपास के समीप कार्रवाई करते हुए पशुओं से लदे छह वाहनों को पकड़ा. पुलिस ने वाहनों में सवार छह लोगों को हिरासत में लिया. सभी पशुओं को सुरक्षित रूप से गौशाला भेज दिया गया है. पुलिस हिरासत में लिए गए सभी छह लोगों से पूछताछ कर रही है. पशुओं को किस उद्देश्य से और किन परिस्थितियों में ले जाया जा रहा था, इसकी जांच की जा रही है. पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है. जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.