नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। ग्रामीण विकास एवं परिवहन विभाग के पूर्व मंत्री सह जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार ने मंगलवार को बांका जिले के रजौन प्रखंड स्थित ग्राम सोहानी में आयोजित 21 जोड़ा वर-वधु के सामूहिक विवाह कार्यक्रम में भाग लिया। यह आयोजन महात्मा भोली बाबा व कन्हैया मंडली के बैनर तले संपन्न हुआ।
इस अवसर पर श्री कुमार ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों पर रोक लगाना तथा गरीब परिवारों पर शादी के आर्थिक बोझ को कम करना है। उन्होंने कहा कि इस तरह के साहसिक कदम समाज में नई रोशनी पैदा करते हैं और दहेज जैसी बुराइयों को मिटाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि दहेज प्रथा को समाप्त करने के लिए बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा पूर्व में की गई पहल को आगे बढ़ाने में ऐसे कार्यक्रम सहायक सिद्ध होंगे। उन्होंने कहा कि समाज में फैली कुरीतियों को दूर कर ही मुख्यमंत्री के सपनों को साकार किया जा सकता है।
श्रवण कुमार ने संस्था द्वारा किए जा रहे इस सामाजिक कार्य की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन के लिए जितनी प्रशंसा की जाए, वह कम है। उन्होंने आश्वस्त किया कि उनकी राजनीतिक पार्टी और बिहार की वर्तमान सरकार भी ऐसे आयोजनों में पूरा सहयोग करेगी।
उन्होंने संस्था के सभी सदस्यों एवं सामूहिक विवाह के आयोजक कन्हाई जी को हार्दिक बधाई दी।
कार्यक्रम में भागलपुर के सांसद अजय कुमार मंडल, कहलगांव के विधायक सुभानंद मुकेश, जमालपुर के विधायक डॉ. हर्षवर्धन, डॉ. बिरेन्द्र कुमार, अनुपम गर्ग, जदयू जिलाध्यक्ष विवेकानन्द गुप्ता, ई. सत्येन्द्र कुमार, सुहुसाई जी, निप्पुद पांडेय, अजय रामजी, मुखिया संघ अध्यक्ष मृत्युंजय सिंह, बंटी साह, शेखर पांडेय, अमन कुमार, प्रमोद मंडल, विनय कुमार, अनिल दास, नीतीश कुमार, संजय कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।