अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम, पेंशन और बीमा योजना लागू करने की उठाई मांग, डीएम के प्रतिनिधि को सौंपा मांग पत्र
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। अधिवक्ताओं के कल्याण से जुड़ी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर जिला विधिज्ञ संघ, औरंगाबाद के बैनर तले सैकड़ों अधिवक्ताओं ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। जिला विधिज्ञ संघ के अध्यक्ष विजय कुमार पाण्डेय और महासचिव जगनारायण सिंह के नेतृत्व में निकाले गए इस प्रदर्शन के माध्यम से अधिवक्ताओं ने सरकार से उनकी समस्याओं के समाधान और कल्याणकारी योजनाओं को लागू करने की मांग की।
प्रदर्शन का संचालन संघ के उपाध्यक्ष उदय कुमार सिन्हा एवं निगरानी सदस्य अनिल आशुतोष ने किया। अधिवक्ताओं ने जिला विधिज्ञ संघ परिसर से जुलूस निकाला और ‘अधिवक्ता एकता जिंदाबाद’ के नारे लगाते हुए रमेश चौक के रास्ते समाहरणालय पहुंचे। वहां संघ के अध्यक्ष विजय कुमार पाण्डेय ने जिला पदाधिकारी के प्रतिनिधि को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। इसके बाद सभी अधिवक्ता शांतिपूर्ण तरीके से वापस लौट गए।
संघ के मीडिया प्रभारी अधिवक्ता सतीश कुमार स्नेही ने बताया कि अधिवक्ताओं की प्रमुख मांगों में अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू करना, दुर्घटना बीमा एवं मेडिकल बीमा की सुविधा देना, 60 वर्ष की आयु पूरी करने वाले अधिवक्ताओं के लिए पेंशन योजना लागू करना तथा अधिवक्ता बीमा, मेडिकल क्लेम और दुर्घटना सहायता योजनाओं को प्रभावी बनाना शामिल है।
उन्होंने बताया कि अधिवक्ताओं के साथ दुर्व्यवहार अथवा किसी अप्रिय घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने और न्यायमित्रों की लंबे समय से लंबित मांगों पर भी सरकार से गंभीरता से विचार करने की मांग की गई है।
प्रदर्शन में पूर्व अध्यक्ष रसिक बिहारी सिंह, दिलीप कुमार सिंह, सियाराम पांडेय, क्षितिज रंजन, बबन सिंह, अनिल कुमार सिंह, राधेश्याम प्रसाद, यमुना प्रसाद सिंह, विश्वेश्वर नाथ मिश्र, अशोक पासवान, अनिल कुमार सिन्हा, शिवराम, लक्ष्मीकांत उपाध्याय, विनय द्विवेदी, शाहिद खान, अखिलेश ठाकुर सहित सैकड़ों अधिवक्ता शामिल रहे।