इंस्पायर मानक अंतर्गत छात्राओं के बीच नवाचार प्रतियोगिता आयोजित
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग द्वारा संचालित डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय, कुशी, औरंगाबाद में विभाग द्वारा निर्धारित शुक्रवार की गतिविधि के अंतर्गत इंस्पायर मानक के तहत Innovative Ideas विषय पर चारों सदनों के मध्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में विद्यालय के चारों सदनों- सावित्रीबाई फुले सदन, जगजीवन सदन, दशरथ मांझी सदन एवं बिरसा मुंडा सदन की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। छात्राओं ने अपनी रचनात्मक एवं वैज्ञानिक सोच का प्रदर्शन करते हुए सौर ऊर्जा, पवन चक्की एवं ज्वालामुखी से संबंधित विभिन्न सृजनात्मक मॉडल एवं नवाचारी प्रस्तुतियाँ प्रस्तुत कीं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्या सविता, संबंधित सदनों के मेंटर्स एवं समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे। छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मॉडलों एवं उनके नवाचारी विचारों को देखकर सभी ने छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर जिला कल्याण पदाधिकारी अभिषेक कुमार एवं प्रखंड कल्याण पदाधिकारी प्रतिमा तिवारी ने छात्राओं की प्रतिभा, रचनात्मकता एवं वैज्ञानिक सोच की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों से छात्राओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार, रचनात्मकता एवं समस्या-समाधान की क्षमता का विकास होता है।
विद्यालय परिवार द्वारा छात्राओं को निरंतर नवाचार एवं रचनात्मक गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित करने पर बल दिया गया।