नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों एवं नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रांतर्गत स्थित छठ घाटों का निरंतर निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान घाटों पर साफ-सफाई, समुचित प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, बैरिकेडिंग एवं श्रद्धालुओं की सुविधा से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है।
संबंधित पदाधिकारियों को छठ घाटों पर नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा सुरक्षा एवं स्वच्छता से जुड़े सभी आवश्यक प्रबंध ससमय पूर्ण करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही, घाटों पर आने वाले व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर विशेष बल दिया जा रहा है।
जिला प्रशासन का संकल्प है कि छठ महापर्व के अवसर पर जिले के सभी घाटों पर स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जाए, ताकि व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और वे पूरी श्रद्धा एवं उल्लास के साथ लोक आस्था के इस महापर्व को मना सकें।