हजारों लोगों ने नम आंखों से किए अंतिम दर्शन, विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह ने जताया गहरा शोक, कहा- औरंगाबाद ने अपना वीर सपूत खो दिया
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जिले के जम्होर निवासी एसएसबी (सशस्त्र सीमा बल) के जवान मंजीत कुमार (मंगल) के निधन से पूरे जिले में शोक की लहर है। अपने वीर सपूत के अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए सोमवार को हजारों की संख्या में लोग उमड़ पड़े। गांव से लेकर आसपास के क्षेत्रों तक मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। अंतिम दर्शन के दौरान लोगों की आंखें नम हो गईं।
जवान के प्रति लोगों का सम्मान और अंतिम दर्शन के लिए उमड़ी भारी भीड़ उनके प्रति समाज के गहरे लगाव और देश के प्रति उनकी सेवा के सम्मान को दर्शा रही थी। हर कोई नम आंखों से अपने वीर सपूत को श्रद्धांजलि दे रहा था।
इस दुखद घटना पर औरंगाबाद विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह ने गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि औरंगाबाद की धरती ने अपना एक वीर सपूत खो दिया है। शहीद मंजीत कुमार का जाना केवल उनके परिवार की ही नहीं, बल्कि पूरे देश, बिहार और औरंगाबाद की अपूरणीय क्षति है।
विधायक ने कहा कि कुछ लोग अपनी मिट्टी की पहचान बन जाते हैं। मंजीत कुमार भी ऐसे ही वीर सपूत थे। उनके जाने से हर संवेदनशील हृदय दुखी है। आज शब्द कम हैं और भावनाएं अपार हैं।
उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
औरंगाबाद की मिट्टी के इस वीर सपूत को जिलेवासियों ने नम आंखों से नमन किया।