नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
मसौढ़ी। धनरुआ पुलिस ने छापामारी के दौरान नशीले पदार्थ के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 युवकों को 8.2 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी के खिलाफ विधिवत मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 1. संतोष कुमार शर्मा, पिता विनय शर्मा, 2. नित्यानंद कुमार, पिता रविन्द्र कुमार चंचल, 3. अक्षय कुमार उर्फ उदय कुमार, पिता स्व. मृत्युंजय कुमार, सभी साकिन नीमा, थाना धनरुआ, जिला पटना के रूप में हुई है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नीमा इलाके में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री हो रही है। सूचना के आधार पर धनरुआ पुलिस ने छापामारी की, जिसमें तीनों युवक ब्राउन शुगर के साथ पकड़े गए। तलाशी के दौरान उनके पास से कुल 8.2 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुआ।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार तीनों युवकों से पूछताछ की जा रही है कि वे ब्राउन शुगर कहां से लाते थे और किस-किस को बेचते थे। इस गिरोह में और लोग भी शामिल हो सकते हैं, जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में नशा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने कहा है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।