नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
मसौढ़ी। लोक आस्था का महापर्व छठ का चार दिवसीय अनुष्ठान 13 नवंबर से शुरू हो रहा है। पर्व नजदीक आते ही मसौढ़ी बाजार में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी है। बाजार में सबसे ज्यादा मांग बांस से बने सूप और टोकरी की है, क्योंकि इसके बिना छठ अधूरी मानी जाती है। गीता प्रवाचक आचार्य विसर्जन ने कहा, छठ पर्व आस्था और भक्ति का संगम है, जिसमें शुद्धता का पूरा ख्याल रखा जाता है।
बांस वंश वृद्धि का प्रतीक है और बांस से बने सूप और टोकरी के बिना छठ अधूरा है, इसलिए इसका ही प्रयोग किया जाता है। वहीं सोनी कुमारी ने बताया, छठ पर्व में शुद्धता का विशेष ख्याल रखा जाता है। बांस से बने सूप और टोकरी के कई पौराणिक महत्व हैं। यह सिर्फ फल रखने का बर्तन नहीं है, बल्कि आस्था और भक्ति का प्रतीक है। बांस प्रकृति से जुड़ा है, इसीलिए इसे सूर्य देव को सबसे प्रिय माना गया है। छात्रा सोनम सिंह ने बताया, बांस एक प्राकृतिक पौधा है, जो तेजी से बढ़ता है और वंश वृद्धि करता है।
बिहार में छठ को महापर्व की संज्ञा दी गई है, क्योंकि इसमें सूर्य की उपासना के साथ प्रकृति, शुद्धता और परिवार की एकता का भाव जुड़ा है। शिक्षाविद राहुल चंद्रा ने बताया की मान्यता है कि बांस कभी अशुद्ध नहीं होता। व्रती जब बांस के सूप में ठेकुआ, फल और गन्ना रखकर डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देती हैं, तो वे परिवार की वृद्धि, संतान की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं।
बहरहाल मसौढ़ी बाजार में इस बार छोटे से लेकर बड़े साइज तक की टोकरियों की मांग बढ़ी है। महिलाएं नए सूप-टोकरी खरीदकर उसे सजाने में जुटी हैं। ग्रामीण इलाकों से भी लोग खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं। इस मौके पर डॉ. रामजपाल, नवल भारती, डॉ. सुधीर सहित कई गणमान्य लोगों ने श्रद्धालुओं को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं।