नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
रांची। उर्दू भाषा के विकास और संरक्षण की दिशा में झारखंड सरकार जल्द बड़ा कदम उठा सकती है. राज्य में उर्दू अकादमी के गठन का प्रस्ताव अगली कैबिनेट बैठक में मंजूरी के लिए आ सकता है. अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजुल हसन ने विश्व उर्दू दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में यह संकेत दिया. उन्होंने कहा कि अगली कैबिनेट बैठक में उर्दू अकादमी के गठन के प्रस्ताव पर अंतिम मुहर लग सकती है. उर्दू पत्रकार संघ की ओर से कडरू स्थित हज हाउस में विश्व उर्दू दिवस पर जश्न-ए-उर्दू का आयोजन किया गया.
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल मंत्री हफीजुल हसन ने कहा कि भाषा के विकास के मामले में झारखंड काफी पीछे रह गया है. अब उर्दू को आगे बढ़ाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार उर्दू भाषा को बढ़ावा देने के लिए गंभीर है. उर्दू अकादमी के गठन से भाषा, साहित्य और इससे जुड़े लोगों को प्रोत्साहन देने की दिशा में पहल हो सकेगी. मंत्री की इस घोषणा का कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने स्वागत किया. समारोह में मौजूद अन्य वक्ताओं ने भी उर्दू भाषा, साहित्य और पत्रकारिता को मजबूत बनाने की जरूरत बतायी. वक्ताओं ने कहा कि किसी भी भाषा को जीवंत और सशक्त बनाये रखने के लिए नयी पीढ़ी को उससे जोड़ना जरूरी है. इसके लिए भाषा के प्रचार-प्रसार के साथ साहित्यिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देना होगा.
जश्न-ए-उर्दू के मंच से बुद्धिजीवियों और साहित्यकारों ने उर्दू की समृद्ध विरासत के संरक्षण और उसके प्रसार का सामूहिक संकल्प दोहराया. कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय और पूर्व मंत्री बंधु तिर्की भी उपस्थित थे. इस अवसर पर डॉ दानिश अयाज, शाहीन अहमद, नौशाद कादरी, गुलजार हुसैन खान, सैयद रमीज, आसिफ नईम, इकबाल सबा, इमरान आमिरउल, वसीम अकरम, फहीम अख्तर, मुकर्रम हयात, सरफराज आलम, गुलाम शाहिद, फिरोज जिलानी, जावेद खान, एमएम राही, नकी इमाम रिजवी, नसीम अख्तर, असफर नवाज, अबुजर गफ्फारी, रहमतुल्लाह, आदिल रशीद, इलियास अंसारी, झामुमो के जिला संयोजक मुस्ताक आलम और जुनैद आलम सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे.