नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना/बलिया। पवन सिंह और ज्योति सिंह का कानूनी विवाद एक बार फिर इस बहस को जन्म देता है कि जब पक्षकार प्रभावशाली या राजनीतिक पद पर हो, तो पारिवारिक विवादों का निपटारा कितना पेचीदा हो जाता है।बलिया कोर्ट की दहलीज पर बार-बार तारीखें देख रही ज्योति सिंह का सब्र अब जवाब देता नजर आ रहा है। मीडिया के सामने अपने आंसू रोकते हुए उन्होंने कहा कि पिछले चार सालों से वह सिर्फ न्याय की आस में खड़ी हैं। भोजपुरी के पावर स्टार पवन सिंह के लगातार कोर्ट न पहुंचने से व्यथित ज्योति ने सवाल उठाया कि रसूख और पद के आगे क्या कानून की कोई कीमत नहीं रह गई है?

उन्होंने एक आम महिला और बेटी के संघर्ष को बयां करते हुए सिस्टम पर भी गंभीर सवाल खड़े किए। कोर्ट से बाहर निकलने के बाद ज्योति सिंह, पवन सिंह पर भड़कती हुई दिखीं। बार-बार बुलाए जाने के बावजूद पवन सिंह कोर्ट में पेश नहीं हो रहे हैं। इसे लेकर उनकी पत्नी ज्योति सिंह भड़क गईं। उन्होंने कहा, पवन सिंह ने कोर्ट के आदेश का मजाक बना दिया है। ज्योति सिंह का यह दर्द कि “कानून से ऊपर खुद को समझा जा रहा है”, केवल एक दांपत्य विवाद की बात नहीं है, बल्कि यह सामान्य नागरिकों और न्यायपालिका के बीच की दूरी को दर्शाता है।

कोर्ट द्वारा जुर्माना लगाने के बावजूद पेश न होना यह बताता है कि न्याय प्रक्रिया में सुधार और सख्ती की कितनी आवश्यकता है। मीडिया से बातचीत के दौरान ज्योति सिंह भावुक हो गईं। आगे उन्होंने यह भी कहा कि मेरी आंखों में यह आंसू नहीं है। लेकिन बस इतना है कि लंबे समय से लड़ रही हूं। पवन सिंह को लेकर कहा, अफसोस होता है कि सरकारी पद पर होते हुए भी आप यह दिखा रहे हैं कि ऐसे एक लड़की को परेशान किया जाता है। उनका इनटेंशन परेशान करना है, यह साफ है। इस दौरान ज्योति सिंह ने सरकार से सवाल भी किया। उन्होंने कहा, मैं यह पूछना चाहती हूं कि पवन सिंह को जो पद दिया गया है, क्या वह उसके लिए डिजर्व करते हैं। इसके अलावा भी मीडिया के सामने ज्योति सिंह ने अपनी भड़ास निकाली। जानकारी के मुताबिक, पवन सिंह और ज्योति सिंह के तलाक का मामला बलिया कोर्ट में चल रहा है।