नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। छठ महापर्व के मद्देनजर औरंगाबाद सदर विधायक श्री त्रिविक्रम नारायण सिंह ने आज प्रातः अपने आवास ‘नारायण निवास’ पर संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर छठ घाटों एवं शहर में की जा रही तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता श्री पंकज कुमार, नगर परिषद के नगर कार्यपालक पदाधिकारी श्री अजीत कुमार, बुडको के सहायक अभियंता श्री धर्मबीर किशोर, सफाई सुपरवाइजर श्री राजेश कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
विधायक ने अधिकारियों को विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, छठ घाटों की स्वच्छता, जलापूर्ति, सफाई, सीवरेज तथा अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित करने का स्पष्ट निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व से पूर्व सभी तैयारियां हर हाल में पूरी होनी चाहिए। कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी अधिकारी अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता एवं जवाबदेही के साथ निर्वहन करें।
विधायक श्री त्रिविक्रम नारायण सिंह ने कहा कि छठ महापर्व आस्था और लोक परंपरा का महापर्व है। छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करना प्राथमिकता है।