नहीं वसूला जाएगा कोई सैरात
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। देव कार्तिक छठ मेला-2026 को लेकर जिला प्रशासन, औरंगाबाद द्वारा एक महत्वपूर्ण निर्णय लागू किया गया है। दिनांक 13 नवम्बर, 2026 को देव कार्तिक छठ मेला के उद्घाटन समारोह के अवसर पर मंत्री, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार सरकार, डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल द्वारा मेला को पूर्णतः करमुक्त किए जाने तथा सैरात की वसूली नहीं किए जाने की घोषणा की गई थी।
उक्त घोषणा के आलोक में आज दिनांक 14 नवम्बर, 2026 को पूर्वाह्न 11:00 बजे से देव कार्तिक छठ मेला को पूर्णतः करमुक्त कर दिया गया है। अब मेला क्षेत्र में किसी भी प्रकार का शेरात अथवा कर नहीं वसूला जाएगा। यह महत्वपूर्ण निर्णय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मार्गदर्शन तथा मंत्री, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल की विशेष पहल एवं जिला पदाधिकारी, औरंगाबाद अभिलाषा शर्मा के कुशल नेतृत्व में साकार हुआ है।
इस निर्णय का उद्देश्य देव कार्तिक छठ मेला में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं, स्थानीय दुकानदारों एवं व्यवसायियों को राहत प्रदान करना तथा मेला को और अधिक सुगम, सुविधाजनक एवं जनहितकारी बनाना है। जिला प्रशासन, औरंगाबाद देव कार्तिक छठ मेला में आने वाले सभी श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सम्मानजनक अनुभव सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। मेला के सफल, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण आयोजन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निरंतर सुनिश्चित की जा रही हैं।