नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गयाजी। लोक आस्था के महापर्व छठ के पहले दिन गयाजी में एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके में लोगों का ध्यान खींच लिया. कोच प्रखंड के उसास देवड़ा स्थित कसेया घाट के पास नेरा नदी में भगवान भास्कर की एक चमकीली मूर्ति मिली. खबर फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग नदी किनारे पहुंचने लगे. देखते ही देखते वहां श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई. लोगों ने प्रतिमा को नदी से बाहर निकालकर पूजा-अर्चना शुरू कर दी. छठ के मौके पर सूर्यदेव की प्रतिमा मिलने को ग्रामीण शुभ मान रहे हैं.
नदी किनारे पहुंचे लोगों को दिखी मूर्ति
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, सुबह कुछ लोग नेरा नदी के किनारे गए थे. इसी दौरान उनकी नजर पानी में चमकती एक वस्तु पर पड़ी. पास जाकर देखने पर वह भगवान भास्कर की प्रतिमा निकली. इसके बाद लोगों ने इसकी जानकारी आसपास के ग्रामीणों को दी. देखते ही देखते यह खबर गांवों में फैल गई और बड़ी संख्या में लोग प्रतिमा को देखने के लिए पहुंच गए. ग्रामीणों ने प्रतिमा को नदी से बाहर निकाला और सुरक्षित स्थान पर रखा. इसके बाद वहां पूजा-पाठ शुरू हो गया. लोग भगवान सूर्य के दर्शन करने और आशीर्वाद लेने पहुंचने लगे.
छठ के पहले दिन प्रतिमा मिलने से बढ़ी चर्चा
खास बात यह है कि जिस दिन छठ महापर्व की शुरुआत हुई, उसी दिन नदी में भगवान सूर्य की प्रतिमा मिली. इस संयोग को लेकर इलाके में काफी चर्चा है. ग्रामीण इसे भगवान भास्कर का आशीर्वाद मान रहे हैं. लोगों का कहना है कि छठ सूर्यदेव की उपासना का महापर्व है. ऐसे में पहले ही दिन सूर्य प्रतिमा का मिलना उनके लिए बेहद खास है.
कितनी पुरानी है मूर्ति
फिलहाल नदी में मिली प्रतिमा की प्राचीनता और ऐतिहासिक महत्व को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. यह प्रतिमा नदी में कहां से आई और कितनी पुरानी है, इसकी भी पुष्टि नहीं हुई है. इसके लिए जांच की जरूरत है. हालांकि, इन सवालों के बीच प्रतिमा को लेकर लोगों की उत्सुकता बनी हुई है. आसपास के गांवों से लगातार लोग दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंच रहे हैं. छठ के माहौल में इस घटना ने पूरे इलाके में आस्था और कौतूहल का माहौल बना दिया है.