एसडीआरएफ, गोताखोर और सीसीटीवी से होगी निगरानी, डीएम एसएसपी ने संभाली कमान
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गयाजी। कार्तिक छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। शनिवार को डीएम शशांक शुभंकर एवं वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने हरिदास सेमिनरी सभागार में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ संयुक्त ब्रीफिंग कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। डीएम ने सभी अधिकारियों को निर्धारित समय पर अपने-अपने घाटों पर पहुंचकर भीड़ नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था संभालने का निर्देश दिया। साथ ही घाटों का निरीक्षण कर कमियों को तत्काल दूर करने और लटकते बिजली के तारों को दुरुस्त कराने को कहा।
श्रद्धालुओं को डूबने की घटनाओं से बचाने के लिए नदियों, तालाबों एवं जलाशयों में बैरिकेडिंग की गई है। बड़े घाटों पर एसडीआरएफ तथा तालाबों में गोताखोरों की तैनाती रहेगी। घाटों पर कंट्रोल रूम, चेंजिंग रूम, पर्याप्त रोशनी, सीसीटीवी कैमरे एवं वॉच टावर से निगरानी होगी। शहरी क्षेत्र को 10 जोन में बांटकर वरीय अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
एसएसपी ने संकीर्ण रास्तों, ऊंची सीढ़ियों एवं रेलवे क्रॉसिंग पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। बुजुर्ग श्रद्धालुओं को सहायता उपलब्ध कराने, घाटों पर प्रवेश एवं निकास के लिए निर्धारित अलग-अलग रास्तों का पालन कराने तथा लगातार पुलिस गश्ती सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।