नीचे झूल रहे 11 हजार वोल्ट के तार की चपेट में आया हाथी, क्षेत्र में ‘हाथी बंदे एक्सप्रेस’ के नाम से था मशहूर; ग्रामीणों ने की जांच की मांग
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
सरायकेला। सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल वन क्षेत्र अंतर्गत नीमडीह प्रखंड के गुंडा गांव स्थित डीटांड टोला में सोमवार की रात करंट लगने से एक जंगली हाथी की मौत हो गई। घटना रात करीब नौ बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, हाथी जंगल से निकलकर गांव के आसपास पहुंचा था। इसी दौरान वह नीचे झूल रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गया। बिजली का करंट लगते ही हाथी की मौके पर ही मौत हो गई।

मृत हाथी इलाके में ‘हाथी बंदे एक्सप्रेस’ के नाम से मशहूर था। उसकी मौत की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीणों में शोक का माहौल छा गया। ग्रामीणों के बीच हाथी की मौत को लेकर गहरा दुख देखा जा रहा है। वहीं, घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी भी सामने आई है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में कई स्थानों पर बिजली के तार काफी नीचे झूल रहे हैं। तारों की उचित ऊंचाई बनाए रखने और नियमित रखरखाव में लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। उनका कहना है कि यदि समय रहते बिजली के तारों की स्थिति दुरुस्त की गई होती तो संभवतः हाथी की जान बचाई जा सकती थी।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग से घटना की निष्पक्ष जांच कराने, जिम्मेदारी तय करने तथा क्षेत्र में झूल रहे बिजली के तारों को दुरुस्त करने की मांग की है। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए बिजली व्यवस्था के नियमित निरीक्षण और आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की अपील की है।