प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने दी शुभकामनाएं
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार राजीव रंजन कुमार ने विभिन्न विधि महाविद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं को इंटर्नशिप पूर्ण होने के उपरांत प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव तान्या पटेल भी उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कहा कि विधि के क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर अध्ययन सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कानून का क्षेत्र ऐसा है, जहां जितना अधिक अध्ययन किया जाएगा, उतना ही बेहतर प्रदर्शन संभव होगा। उन्होंने विद्यार्थियों को न्यायिक पदाधिकारी, अधिवक्ता एवं विभिन्न कंपनियों में विधि सलाहकार जैसे पदों पर पहुंचने के लिए कड़ी मेहनत और सतत अध्ययन करने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि बिना पढ़ाई और कानून की गहरी समझ के इस क्षेत्र में आगे बढ़ना संभव नहीं है। इसलिए विद्यार्थियों को अपने ज्ञान और कौशल को लगातार विकसित करते रहना चाहिए।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव तान्या पटेल ने बताया कि प्राधिकार द्वारा समय-समय पर विधि के छात्र-छात्राओं को इंटर्नशिप का अवसर प्रदान किया जाता है। इस दौरान उन्हें अधिवक्ताओं के मार्गदर्शन में न्यायालय की कार्यप्रणाली, मध्यस्थता प्रक्रिया तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों की व्यावहारिक जानकारी दी जाती है।
उन्होंने कहा कि इंटर्नशिप का उद्देश्य छात्रों को कानून की पढ़ाई के साथ-साथ न्यायिक व्यवस्था की व्यवहारिक समझ उपलब्ध कराना है, ताकि भविष्य में उन्हें अपने पेशेवर जीवन में इसका लाभ मिल सके।
प्रमाण-पत्र प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में अंजली कुमारी, अदिति योजना, आस्था सिंह, पीयूष रंजन एवं कार्तिक राज शामिल थे। कार्यक्रम के दौरान सभी विद्यार्थियों को उनके सफल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।