अंबेडकर पार्क से कर्पूरी चौक और पटेल चौक तक बदलेगी तस्वीर, पर्यटन को बढ़ावा देने की पहल
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। शहर को सुंदर, स्वच्छ और आकर्षक बनाने के उद्देश्य से नगर परिषद मसौढ़ी ने महापुरुषों की प्रतिमा स्थलों के सौंदर्यीकरण की पहल तेज कर दी है। नगर विकास एवं आवास विभाग की शहर सौंदर्यीकरण योजना के तहत शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर स्थित महापुरुषों की प्रतिमाओं के आसपास विकास एवं सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जा रहा है। इससे शहर की तस्वीर बदलने के साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
योजना के तहत सबसे पहले अनुमंडल कार्यालय परिसर स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थल को भव्य रूप दिया जा रहा है। प्रतिमा के चारों ओर पार्क विकसित किया जा रहा है, ताकि यह स्थल आकर्षण का केंद्र बन सके। इसी तरह कर्पूरी चौक स्थित जननायक कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा, लक्खीबाग स्थित पटेल चौक सहित शहर के अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जा रहा है।
नगर परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी राजू रंजन ने बताया कि नगर विकास एवं आवास विभाग के निर्देश पर नगर परिषद क्षेत्र में महापुरुषों की प्रतिमाओं वाले सभी सार्वजनिक स्थलों को बेहतर तरीके से विकसित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य इन स्थलों को आकर्षक बनाने के साथ आम लोगों के लिए पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना है।
वहीं, नगर प्रबंधक शेखर कुमार प्रसाद ने बताया कि शहर में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नगर परिषद की ओर से कई योजनाओं पर काम किया जा रहा है। सौंदर्यीकरण अभियान के तहत गांधी मैदान स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा स्थल यानी गांधी पार्क सहित अन्य प्रमुख स्थानों को भी विकसित किया जा रहा है।
मुख्य पार्षद प्रतिनिधि शंभू सिंह ने कहा कि नगर परिषद शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। इस दिशा में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है। कार्य में प्रभारी प्रधान सहायक शिव प्रकाश, अमीन रामाधार सहित नगर परिषद के अन्य कर्मी भी सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।