हजारों श्रद्धालुओं ने लिया हिस्सा, गाजे-बाजे और आकर्षक रथों के साथ निकली यात्रा, 21 से 24 नवंबर तक होगी संगीतमय श्रीराम कथा
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
कौआकोल। प्रखंड क्षेत्र के पाली गांव में श्रीराम-जानकी एवं शिव-पार्वती प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। गाजे-बाजे, घोड़े और आकर्षक सुसज्जित रथों के साथ निकली इस यात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरा क्षेत्र जय श्रीराम और हर-हर महादेव के जयघोष से भक्तिमय हो उठा।
कलश यात्रा की शुरुआत पाली गांव स्थित यज्ञ मंडप से हुई। यात्रा गांव का भ्रमण करते हुए बड़राजी मुख्य बाजार के रास्ते कोल्हुआवर देवनगढ़ स्थित शिव मंदिर पहुंची। वहां वृंदावन से आए विद्वान ब्राह्मणों की देखरेख में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने जल भरा। इसके बाद कलश यात्रा पुनः यज्ञ मंडप पहुंची, जहां विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश स्थापित किया गया। इसी के साथ पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठानों का विधिवत शुभारंभ हुआ।
इस धार्मिक महोत्सव का आयोजन सारथी ट्रस्ट के संस्थापक राहुल सिंह, शुभम सिंह एवं रोहित सिंह तथा मंदिर पूजा समिति, पाली के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। आयोजन में एमएलसी अशोक कुमार, पूर्व विधायक प्रतिनिधि राहुल कुमार चुलबुल सहित कई गणमान्य लोगों ने शामिल होकर पूजा-अर्चना की।
आयोजकों ने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत 20 एवं 21 नवंबर को 24 घंटे की अखंड रामधुनी का आयोजन किया जाएगा। वहीं, 21 से 24 नवंबर तक प्रतिदिन शाम चार बजे से सात बजे तक अंतरराष्ट्रीय कथा वाचिका पूज्या पंडित गौरांगी गौरी जी के श्रीमुख से संगीतमय श्रीराम कथा प्रस्तुत की जाएगी। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम की महिमा, आदर्शों और जीवन मूल्यों से अवगत कराया जाएगा।
महोत्सव के अंतिम दिन 25 नवंबर को भक्ति संगीत, भव्य जागरण और आकर्षक झांकियों के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए मंदिर परिसर में विभिन्न प्रकार के झूलों की भी व्यवस्था की गई है। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
आयोजकों ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धार्मिक महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है। कार्यक्रम की सफलता के लिए पूरे गांव के ग्रामीण उत्साहपूर्वक तैयारियों में जुटे हुए हैं।