तनु के शानदार प्रदर्शन से हिलसा की टीम ने राजगीर को एक पारी और 10 अंक से हराया, शनिवार को सेमीफाइनल व फाइनल मुकाबले
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
दनियावां। श्रीचंद उदासीन महाविद्यालय, हिलसा में आयोजित पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय अंतर महाविद्यालय पुरुष एवं महिला खो-खो प्रतियोगिता 2026 का शुक्रवार को उत्साहपूर्ण आगाज हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन महिला वर्ग में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। मेजबान एसयू कॉलेज हिलसा की महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
प्रतियोगिता का उद्घाटन बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार ने किया। इस अवसर पर नालंदा सांसद कौशलेन्द्र कुमार, महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. शिवचंद्र सिंह, मीडिया प्रभारी डॉ. राजीव नयन, खेल प्रभारी डॉ. रविंद्र साह, हिलसा के अनुमंडलाधिकारी अमित कुमार पटेल, डीएसपी सुनील कुमार सिंह, मुख्य पार्षद धनंजय कुमार, जदयू युवा प्रदेश उपाध्यक्ष विकास कुमार, रिशु पटेल, अनु अनुपम, आशीष कुमार, डॉ. पिंकी कुमारी, डॉ. अभिषेक कुमार एवं डॉ. संदीपा इंद्रा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि खेल से स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है और मानसिक मजबूती मिलती है। खेल व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए बेहद आवश्यक हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उद्घाटन मैच का टॉस कराया और प्रतियोगिता की शुरुआत की। साथ ही हिलसा अनुमंडल में हॉकी खेल को बढ़ावा देने के लिए पहल करने तथा पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के कुलपति से बातचीत करने की बात कही।
महिला वर्ग के उद्घाटन मुकाबले में गंगा देवी महिला कॉलेज ने एएन कॉलेज की टीम को पराजित कर प्रतियोगिता में जीत से शुरुआत की।
दूसरे मुकाबले में मेजबान एसयू कॉलेज हिलसा की टीम ने डिग्री कॉलेज राजगीर को एक पारी और 10 अंक से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की। मैच में 12 नंबर की जर्सी पहनकर खेल रही तनु ने बेहतरीन डिफेंस का प्रदर्शन किया। उन्होंने विरोधी टीम के खिलाड़ियों को लगातार आउट कर अपनी टीम की जीत में निर्णायक भूमिका निभाई। तनु के शानदार खेल पर मैदान में मौजूद दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं।
महिला वर्ग के सेमीफाइनल में एसयू कॉलेज हिलसा का मुकाबला आरपीएम पटना सिटी से होगा, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में गंगा देवी महिला कॉलेज और जेडी वीमेंस कॉलेज आमने-सामने होंगे। आयोजकों के अनुसार महाबोधि नालंदा और एमएस कॉलेज नौबतपुर की टीमें समय पर नहीं पहुंच सकीं, जिसके कारण आरपीएम और जेडी वीमेंस कॉलेज को स्टैंड-बाय के आधार पर सेमीफाइनल में स्थान दिया गया।
प्रतियोगिता देखने के लिए मैदान में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे। शनिवार को सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों के बाद पुरस्कार वितरण समारोह के साथ प्रतियोगिता का समापन होगा।