पटेल नगर में डायमंड कंपनी का नकली लोगो लगाकर तैयार किए जा रहे थे गोदरेज, कंपनी की शिकायत पर पुलिस की छापेमारी
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। पटेल नगर, वार्ड संख्या 5 में ब्रांडेड कंपनी का नकली लोगो लगाकर गोदरेज तैयार करने के मामले का खुलासा हुआ है। कंपनी की शिकायत पर पुलिस ने छापेमारी कर 17 नकली गोदरेज और 23 गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, डायमंड कंपनी के मालिक परवेज हैदर की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान गोदरेज पर कंपनी का डुप्लीकेट लोगो लगा पाया गया। आरोप है कि लंबे समय से नकली लोगो लगाकर गोदरेज तैयार किए जा रहे थे, जिन्हें बाजार में बेचने की तैयारी थी।
इस मामले में पुरानी बाजार, मसौढ़ी निवासी मोहम्मद सगीर, पिता मोहम्मद शफीउद्दीन, को गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ कॉपीराइट एक्ट 1957 की धारा 63 एवं 64 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर नकली सामान के कारोबार और बिक्री से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
थानाध्यक्ष विवेक कुमार ने बताया कि कंपनी की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की गई, जिसमें 17 नकली गोदरेज और 23 गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं। उन्होंने कहा कि नकली सामान बनाने एवं बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, इस मामले में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी की ओर से भी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नकली सामान के निर्माण या बिक्री की जानकारी मिलने पर तत्काल थाना को सूचित करें, ताकि ऐसे कारोबार पर रोक लगाई जा सके।