संचालन की तैयारियों को लेकर डीएम ने की समीक्षा बैठक, विद्युत आपूर्ति, तकनीकी जांच और वन स्वीकृति के लंबित मामलों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
जहानाबाद। जिले के प्रसिद्ध पर्यटन एवं धार्मिक स्थल वाणावर में रोपवे निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। रोपवे के संचालन की तैयारियों और निर्माण से जुड़े लंबित मामलों को शीघ्र पूरा करने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में हुई बैठक में दामोदर रोपवेज इंफ्रा लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने परियोजना की अद्यतन प्रगति की जानकारी दी।
बैठक में रोपवे के संचालन के लिए आवश्यक विद्युत आपूर्ति, विद्युत अधिष्ठापन तथा तकनीकी जांच से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला पदाधिकारी ने तकनीकी जांच के लिए राइट्स (आरआईटीईएस) की नियुक्ति के संबंध में बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम एवं पर्यटन विभाग के सचिव के साथ निरंतर समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों का शीघ्र समाधान करने की पहल की।
वहीं, वन विभाग से संबंधित लंबित मामलों के निष्पादन एवं आवश्यक वन स्वीकृति प्राप्त करने के लिए परिवेश पोर्टल के माध्यम से नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। रोपवे के सुरक्षित और सुचारू संचालन को लेकर परियोजना स्थल पर निर्बाध इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराने पर भी विशेष चर्चा हुई।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों एवं कार्यकारी एजेंसियों को आपसी समन्वय बनाकर लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने तथा शेष निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया। परियोजना के शीघ्र क्रियान्वयन में बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड की ओर से भी सहयोग किया जा रहा है।
वाणावर रोपवे के चालू होने से यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आवागमन में काफी सुविधा होगी। इससे वाणावर पर्यटन स्थल की आकर्षण क्षमता बढ़ने के साथ जिले में पर्यटन गतिविधियों को गति मिलेगी। स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होने तथा आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की भी उम्मीद है।
बैठक में दामोदर रोपवेज इंफ्रा लिमिटेड के परियोजना एवं गुणवत्ता नियंत्रण प्रमुख अबीर रॉय तथा परियोजना प्रबंधक सुभाषीष मैती उपस्थित थे।