नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गढ़वा। खरौंधी मुख्यालय में रविवार को उस समय अफरा-तफरी और तनाव का माहौल उत्पन्न हो गया, जब एक युवक प्रेम प्रसंग को लेकर एयरटेल के मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक की पहचान आदित्य कुमार के रूप में हुई है, जो खरौंधी क्षेत्र का निवासी बताया जाता है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और घंटों तक हाई-वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। बाद में संबंधित युवती के मौके पर पहुंचने के बाद युवक टावर से नीचे उतरा, जिसके बाद पुलिस उसे अपने साथ थाना ले गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आदित्य कुमार का मझिगवां गांव की एक युवती के साथ प्रेम संबंध था। युवक टावर पर चढ़कर दोनों की शादी कराने की मांग कर रहा था। टावर के ऊपर से वह लगातार अपनी बात दोहराता रहा और संबंधित युवती से विवाह नहीं होने पर आत्मघाती कदम उठाने की चेतावनी देता रहा। युवक के इस कदम से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और लोगों की भीड़ टावर के आसपास जमा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही खरौंधी थाना के एएसआई सुरेंद्र दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों और स्थानीय ग्रामीणों ने युवक को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चली बातचीत और समझाइश के बाद स्थिति सामान्य हुई तथा युवक सुरक्षित नीचे उतर आया।
घटनास्थल पर सैकड़ों लोग जमा रहे और घंटों तक पूरे घटनाक्रम को देखते रहे। कई लोगों ने युवक की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई तथा प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। पुलिस की सक्रियता और स्थानीय लोगों के सहयोग से किसी अप्रिय घटना को टाल दिया गया।
इस घटना के बाद मोबाइल टावर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि टावर परिसर में पर्याप्त घेराबंदी और सुरक्षा के इंतजाम नहीं हैं, जिसके कारण युवक आसानी से टावर पर चढ़ गया। ग्रामीणों ने दूरसंचार कंपनियों से सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने और टावर परिसरों को सुरक्षित बनाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और युवक से पूछताछ की जा रही है।