नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
सासाराम। देशभर में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को एक नई गति देने के लिए अक्टूबर के शुरुआती दो दिन ऐतिहासिक होने जा रहे हैं। इसे केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि हर नागरिक की सहभागिता वाला जन-आंदोलन बनाया जा रहा है।
हमारा जिला रोहतास एक बड़े बदलाव की ओर कदम बढ़ा चुका है। ‘स्वच्छ भारत दिवस’ के अवसर पर जिले में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान का शानदार आगाज हो चुका है। जिलाधिकारी रोहतास के नेतृत्व में गुरुवार को समाहरणालय परिसर से ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान का शुभारंभ किया गया। इस महाभियान में माननीय चेनारी विधायक श्री मुरारी प्रसाद गौतम, श्री बशिष्ठ सिंह (करगहर), श्री नागेन्द्र चन्द्रवंशी (नोखा), श्री आलोक सिंह (दिनारा) और उप विकास आयुक्त समेत जिले के आला अधिकारियों और हमारे स्वच्छता कर्मियों ने एक साथ आकर हुंकार भरी है।
हमारा संकल्प है “स्वच्छता में सहभाग : स्वच्छ भारत, विकसित भारत”। यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। यह सिर्फ एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि हम सब की सामूहिक जिम्मेदारी है। आगामी 1 अक्टूबर 2026 को ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ महा-अभियान चलाया जाएगा। इसमें समाज का हर वर्ग अपने व्यस्त जीवन से सिर्फ एक घंटा निकालकर सार्वजनिक स्थलों की सफाई के लिए श्रमदान करेगा।
अगले दिन यानी 2 अक्टूबर को स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष ग्राम सभाएं और शहरी निकायों में परिषद की बैठकें होंगी। इन बैठकों में केवल बातें नहीं, बल्कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के व्यावहारिक क्रियान्वयन और भविष्य की स्वच्छता रणनीतियों पर गंभीर मंथन किया जाएगा।
स्वच्छता के इस संकल्प के साथ-साथ पर्यावरण संतुलन के लिए ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को भी तीव्र किया जाएगा। इसके तहत शहरी और ग्रामीण आंचल में बड़े पैमाने पर पौधे रोपकर धरती को हरा-भरा बनाने का संदेश दिया जाएगा। इसके तहत स्कूलों में बच्चों को जागरूक करने से लेकर, सार्वजनिक जगहों का कायाकल्प करने और ‘कचरे से कंचन’ बनाने जैसे शानदार काम किए जाएंगे। साथ ही, दिन-रात मेहनत करने वाले हमारे सफाई मित्रों के सम्मान और स्वास्थ्य के लिए विशेष शिविर भी लगाए जाएंगे। आइए, इस त्योहार में हम सब श्रमदान करें और अपने जिले को सबसे स्वच्छ बनाएं!
इस अभियान में जहां भी ज्यादा कचरा रहता है, उन जगहों को साफ करके सुंदर बनाया जाएगा। स्कूलों में बच्चों को सफाई के फायदे बताए जाएंगे। जो लोग हमारा शहर साफ रखते हैं, उनके स्वास्थ्य की जांच होगी और उन्हें सम्मानित किया जाएगा। कचरे का सही निपटारा करके ‘कचरे से कंचन’ बनाने पर जोर दिया जाएगा।