दानापुर में 7 अक्टूबर तक चलेगी भर्ती प्रक्रिया, 11,042 अभ्यर्थी होंगे शामिल
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
दानापुर। 22 सितंबर से शुरू होने वाली अग्निवीर भर्ती रैली की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दानापुर में आयोजित होने वाली यह भर्ती रैली 7 अक्टूबर तक चलेगी, जिसमें कुल 11,042 अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। अभ्यर्थियों की सुविधा, सुरक्षा और भर्ती प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए सेना एवं जिला प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में भर्ती निदेशक कर्नल बिन्दु अग्निहोत्री ने बताया कि आरओ (एचक्यू) दानापुर की ओर से अग्निवीर भर्ती रैली के दूसरे चरण का आयोजन 22 सितंबर से 7 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 22 से 30 सितंबर तक अग्निवीर जीडी, टेक्निकल एवं ट्रेड्समैन (10वीं एवं 8वीं) की भर्ती प्रक्रिया होगी। वहीं, 1 से 4 अक्टूबर तक अग्निवीर क्लर्क/एसकेटी तथा 6 से 7 अक्टूबर तक अग्निवीर महिला मिलिट्री पुलिस (एवीडब्ल्यूएमपी) की भर्ती आयोजित की जाएगी।
कर्नल बिन्दु अग्निहोत्री ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और योग्यता आधारित होगी। मानसून एवं मौसम की स्थिति को देखते हुए इस बार अभ्यर्थियों की दौड़ सड़क पर कराई जाएगी। उन्होंने अभ्यर्थियों को सलाह दी कि दौड़ में शामिल होने के लिए अच्छे और आरामदायक जूते पहनकर आएं, ताकि उन्हें परेशानी न हो।
उन्होंने बताया कि भर्ती स्थल पर अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई है। इस व्यवस्था में जीविका दीदियों का सहयोग लिया जा रहा है और इसके लिए उनकी रसोई संचालित की जाएगी। भर्ती स्थल पर आने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
भर्ती रैली के दौरान अभ्यर्थियों की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। सेना और जिला प्रशासन के बीच समन्वय के साथ भर्ती प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से पूरा कराने की तैयारी की गई है।
भर्ती निदेशक ने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे दलालों और बिचौलियों के झांसे में न आएं। भर्ती के नाम पर किसी को पैसे नहीं दें और भर्ती से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक माध्यमों पर ही भरोसा करें।