हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिले में उत्साहपूर्वक आयोजित हो रहे विविध कार्यक्रम
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आजादी के अमृत महोत्सव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने एवं राष्ट्रभक्ति की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम का आयोजन 09 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक किया जा रहा है। इस अभियान के तहत जिले के सभी प्रखंडों एवं विभिन्न सरकारी एवं निजी विद्यालयों में कार्यक्रमों का आयोजन उत्साह एवं उमंग के साथ किया जा रहा है।
जिले के विद्यालयों में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। विद्यालयों में छात्र-छात्राओं द्वारा उत्साहपूर्वक रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई तथा सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया गया। साथ ही, विद्यार्थियों द्वारा अपने शिक्षकों के नेतृत्व में हाथों में तिरंगा लेकर तिरंगा रैली भी निकाली गई। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
जिला एवं प्रखंड स्तर पर भी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, विद्यार्थियों, युवाओं एवं आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
जिला प्रशासन द्वारा जिलेवासियों से अपील की गई है कि वे अपने घरों पर तिरंगा फहराएं और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय रूप से सहभागी बनें। साथ ही, तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी लेकर harghartiranga.com पर अपलोड करें तथा इस राष्ट्रव्यापी अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
जिला प्रशासन द्वारा सभी विद्यालयों, विभागों, संस्थानों एवं आम नागरिकों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को पूरे उत्साह, सम्मान एवं राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाने की अपील की गई है।