विद्यालय भूमि कब्जा न होने देने के लिए चहारदीवारी जरूरी
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
दाउदनगर (औरंगाबाद)। अशोक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के लिए दानदाता संस्थापक सदस्य के रूप में विधायक डॉ.प्रकाश चन्द्र द्वारा चयनित डॉ. विश्वकान्त पाण्डेय ने विद्यालय की समीक्षा बैठक शुक्रवार को की। विधायक का विद्यालय के प्रति गंभीरता और प्रेरक सोच को ध्यान में रखा गया। ताकि विद्यालय का समग्र विकास हो और किसी तरह की अनियमितता नहीं हो।
विद्यालय के प्रधानाचार्य जय शंकर प्रसाद ने दानदाता सदस्य को विद्यालय में दी गई सुविधाओं से अवगत कराया। जीमखाना, प्रायोगिक भवन, कम्प्यूटर एवं तकनीकी शिक्षा भवन इत्यादि का निरीक्षण करवाया। जिले के बेहतर मूलभूत सुविधाओं से सुशोभित विद्यालय को बच्चों की उपस्थिति का बाट जोहना पड़ रहा है।
विश्वकान्त पाण्डेय ने बच्चों से बात करते हुए इस बिन्दु पर जोर दिया कि उनकी विद्यालय में उपस्थित कितनी आवश्यक है और ऐसा करना समग्र विकास के लिए स्कूल चले हम कार्यक्रम कितना जरूरी है। कहा कि विद्यालय की चहारदीवारी बहुत आवश्यक है। नहीं तो भू-माफियाओं द्वारा धीरे धीरे विद्यालय के भूमि को कब्जा कर लिया जा सकता है। बच्चों को शीतल जल मिल सके इस पर विचार किया जा रहा है।
विद्यालय के पुस्तकालय में पुस्तकों की संख्या और उसके रख रखाव पर विचार भेजा जा रहा है। नगर का सबसे बड़ा खेल मैदान विद्यालय के पास उपलब्ध है। अगर प्रशासनिक सहयोग मिल जाता तो नगर को एक खुबसूरत स्टेडियम मिल जाता, इस पर भी चर्चा की गई।