नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा लागू बिहार नगर पालिका अधिनियम (संशोधन) 2026 के आलोक में रविवार को औरंगाबाद नगर परिषद की सशक्त स्थायी समिति के गठन की प्रक्रिया संपन्न हुई। अनुमंडल पदाधिकारी सह निर्वाची पदाधिकारी संतन कुमार सिंह की देखरेख में सभी पांच पदों के लिए नामांकन की कार्रवाई की गई।
निर्धारित समय सीमा तक समिति के सभी पांच पदों पर एकल नामांकन प्राप्त होने के कारण चुनाव की आवश्यकता नहीं पड़ी। इसके बाद वार्ड पार्षद शोभा सिंह, अशोक कुमार सिंह, सुनील कुमार, मलका बानो एवं पिंकी कुमारी को निर्विरोध सशक्त स्थायी समिति का सदस्य घोषित किया गया।
निर्वाची पदाधिकारी द्वारा सभी निर्वाचित सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर नगर परिषद के जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।
नगर परिषद के मुख्य पार्षद उदय कुमार गुप्ता के नेतृत्व में समिति के सभी सदस्यों का निर्विरोध निर्वाचन नगर परिषद के वार्ड पार्षदों द्वारा उनके प्रति व्यक्त किए गए विश्वास का प्रतीक माना जा रहा है। राजनीतिक एवं सामाजिक हलकों में इसे नगर परिषद में आपसी समन्वय और विकास के प्रति प्रतिबद्धता के रूप में देखा जा रहा है।
इस अवसर पर रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन सतीश कुमार सिंह ने सभी निर्वाचित सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सशक्त स्थायी समिति के गठन से नगर परिषद के विकास कार्यों को गति मिलेगी तथा शहर की विभिन्न समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई समिति जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए नगर के सर्वांगीण विकास के लिए प्रभावी भूमिका निभाएगी।
सशक्त स्थायी समिति के गठन के साथ ही नगर परिषद में विकास योजनाओं, वित्तीय निर्णयों और जनसुविधाओं से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों के संचालन को नई दिशा मिलने की संभावना व्यक्त की जा रही है।