नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आज औरंगाबाद डाक प्रमंडल द्वारा डाक अधीक्षक प्रिय रंजन के नेतृत्व में औरंगाबाद प्रधान डाकघर परिसर में ‘वन्दे मातरम्’ गीत अभियान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर औरंगाबाद डाक प्रमंडल के लगभग 100 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वन्दे मातरम्’ का गायन किया।

वन्दे मातरम् गायन के पश्चात ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत औरंगाबाद प्रधान डाकघर से रमेश चौक होते हुए एक वृहद प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी के माध्यम से आम नागरिकों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए जागरूक किया गया।

इस अवसर पर डाक विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आम लोगों से राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना के साथ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने की अपील की। प्रभात फेरी के दौरान देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत वातावरण बना रहा।

औरंगाबाद डाक प्रमंडल द्वारा नागरिकों से अपील की गई कि स्वतंत्रता दिवस के इस पावन अवसर पर अधिक से अधिक लोग अभियान से जुड़ें और अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करें।