नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। बी. डी. कॉलेज, पटना में एन.सी.सी इकाई के तत्वावधान में “टीबी मुक्त भारत अभियान” के अंतर्गत क्षय रोग (टीबी) के प्रति जागरूकता फैलाने हेतु व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पेंटिंग-पोस्टर प्रतियोगिता तथा स्लोगन लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें एन.सी.सी. कैडेटों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को यह संदेश देना था कि टीबी एक पूरी तरह से इलाज योग्य बीमारी है, जिसे समय पर जांच, नियमित दवा और उचित पोषण के माध्यम से पूरी तरह ठीक किया जा सकता है। कैडेटों ने अपने आकर्षक पोस्टरों एवं प्रभावशाली स्लोगनों के माध्यम से लोगों को टीबी के कारण, लक्षण, बचाव एवं उपचार की जानकारी दी। साथ ही समाज में टीबी को लेकर फैली भ्रांतियों और भेदभाव को समाप्त करने का संदेश भी दिया गया।
कैडेटों ने अपने स्लोगनों के माध्यम से टीबी से प्रभावित लोगों के प्रति सहानुभूति रखने, भेदभाव न करने तथा सही जानकारी के प्रचार-प्रसार की अपील की। उन्होंने यह भी संदेश दिया कि टीबी उन्मूलन केवल सरकार की नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान कैडेटों द्वारा तैयार किए गए पोस्टरों एवं स्लोगनों का अवलोकन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दिवाकर प्रसाद एवं अन्य शिक्षकों ने किया। इस अवसर पर प्राचार्य एनसीसी कैडेटों के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को प्राप्त करने में युवाओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम समाज में स्वास्थ्य संबंधी चेतना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में डॉ. अमित कुमार (बरसर ), डॉ. विशाल विजय, कार्यक्रम पदाधिकारी (राष्ट्रीय सेवा योजना ), डॉ. बिनोद कुमार, डॉ. शत्रुघ्न शरण सिंह, डॉ. राजीव कुमार, ले. राहुल कुमार सिंह सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षक एवं छात्र-छात्रा उपस्थित रहे।