पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में दोनों पैरों में लगी गोली
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
हाजीपुर। वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के रजासन गांव में जमीनी विवाद को लेकर हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी को पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर मुठभेड़ के दौरान घायल कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान जगदीश राय के रूप में हुई है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में घुटने के नीचे गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जानकारी के अनुसार, रविवार को रजासन गांव में जमीनी विवाद को लेकर एक आर्मी जवान और उनके पिता की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद से ही पुलिस मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी।
सोमवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी जगदीश राय बिदुपुर थाना क्षेत्र में, थाना से करीब तीन-चार किलोमीटर की दूरी पर मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम उसे पकड़ने के लिए मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, टीम को देखते ही आरोपी ने पुलिस वाहन पर फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी द्वारा चलाई गई गोलियों से पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।

पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी। घायल होने के बाद उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
सदर अस्पताल पहुंचे पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने बताया कि आरोपी के दोनों पैरों में घुटने के नीचे गोली लगी है और उसकी स्थिति सामान्य है। उन्होंने कहा कि आरोपी ने पुलिस वाहन पर दो राउंड फायरिंग की थी, जिसके जवाब में पुलिस को भी गोली चलानी पड़ी।
एसपी ने बताया कि वह स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण कर रहे हैं और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच के बाद ही मुठभेड़ से जुड़े सभी तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि रविवार को हुए दोहरे हत्याकांड में आर्मी जवान और उनके पिता की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ था। पुलिस मामले के अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी कर रही है।